गेहूं के खेतों में भीषण आग, 20 बीघा फसल जलकर राख
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के बिशनपुर और सरैया मकबूल नगर गांवों में गेहूं के खेतों में अचानक आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में खड़ी और कटी हुई फसल जलने लगी। आग की सूचना मिलते ही किसान और ग्रामीण तुरंत खेतों की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बाल्टियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई। इस घटना में करीब 20 बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। बिशनपुर गांव के शिवनंदन (पुत्र गजराज, निवासी बाधामऊ), सुमिरन (पुत्र गजराज, निवासी बाघामऊ) और कैलाश (पुत्र राम मनोहर, निवासी कुतलूपुर) की कुल 0.570 हेक्टेयर फसल जल गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। तहसीलदार वैशाली अहलावत ने बताया कि संबंधित लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित किसानों को शासन स्तर से सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि वे आर्थिक क्षति से उबर सकें।









