खौलते पानी में 22 फरवरी को झुलसी वैष्णवी की हुई मौत कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अन्तिम संस्कार हुआ

खौलते पानी में 22 फरवरी को झुलसी वैष्णवी की हुई मौत कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अन्तिम संस्कार हुआ

निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी । एक सप्ताह पूर्व मावा बनाने की दुकान पर खौलते पानी में गिर घायल हुई बालिका का इलाज के दौरान लखनऊ में निधन हो गया। उसके निधन की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। कोतवाली बदोसरांय क्षेत्र के कोटवाधाम में बीते रविवार को खौलते पानी में गिरने से एक 7 वर्षीय बालिका गम्भीर रूप से झुलस गई थी। जिसकी इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। यह घटना 22 फरवरी 2026 को कोटवाधाम गांव में हुई थी। बालिका करीब एक सप्ताह से लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती थी। जानकारी के अनुसार, कोटवाधाम निवासी राजू गुप्ता की पोती वैष्णवी सुबह करीब 9 बजे गांव के शिवप्रसाद गुप्ता की किराना दुकान पर मैगी लेने गई थी। शिवप्रसाद अपनी दुकान के पास खोवा बनाने का काम भी करते हैं। दुकान पर खौलते पानी के कई बड़े भगोने रखे थे। वैष्णवी एक कड़ाही से टकराकर खौलते पानी के भगोने में गिर गई थी।, जिससे वह करीब 60 प्रतिशत जल गई । घटना के तुरंत बाद बच्ची को सिरौली गौसपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे बाराबंकी जिला अस्पताल रेफर किया गया और फिर लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था। उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। बालिका के बाबा राजू गुप्ता ने आरोप लगाया है कि शिवप्रसाद कई वर्षों से लापरवाही से खोवा बनाने का काम कर रहे हैं, जो खतरनाक है। राजू गुप्ता के अनुसार, घटना के बाद जब उन्होंने शिवप्रसाद से शिकायत की, तो उन्होंने लड़ाई करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। राजू गुप्ता ने बदोसराय थाने में शिवप्रसाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शनिवार को निधन के बाद वैष्णवी का शव कोटवाधाम गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव तथा आसपास के तमाम लोग इकट्ठा हो गए। भारी भीड़ की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस उपाधीक्षक रामनगर गरिमा पंत, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बदोसरांय अजीत विद्यार्थी, प्रभारी निरीक्षक टिकैतनगर और मसौली समेत कई थानों की पुलिस व पीएसी के जवानों की कड़ी सुरक्षा में वैष्णवी गुप्ता का अंतिम संस्कार कराया गया है। बदोसराय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। रामनगर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि घटना से संबंधित मुकदमा पहले से बदोसराय कोतवाली में दर्ज है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।