कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बंकी की छात्राओं ने राज्यपाल से की मुलाकात, साझा किए अपने सपने
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) बंकी की छात्राओं को राज्यपाल से मिलने का विशेष अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान छात्राओं ने न केवल राज्यपाल महोदया से संवाद किया, बल्कि अपने उज्ज्वल भविष्य के सपनों और लक्ष्यों को भी उनके समक्ष साझा किया। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने छात्राओं से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। राज्यपाल द्वारा जब छात्राओं से पूछा गया कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं, तो कक्षा 11 की छात्रा प्रिया ने आत्मविश्वास के साथ बताया कि उसका सपना आईएएस आई ए एस अधिकारी बनने का है। वहीं मानसी ने कहा कि वह आईपीएस आई पी एस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना चाहती है। छात्रा सानिया ने बताया कि उसका लक्ष्य डॉक्टर बनकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। छात्राओं के स्पष्ट लक्ष्य और दृढ़ संकल्प को सुनकर राज्यपाल महोदया ने उनकी सराहना की तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती हैं। यह प्रेरणादायक मुलाकात छात्राओं के लिए अविस्मरणीय रही। राज्यपाल के मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन से छात्राओं में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने इस अवसर को बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।









