ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को भारी नुकसान, सांसद तनुज पुनिया ने सर्वे व राहत की मांग की
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। असमय तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि ने जिले के पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। सांसद तनुज पुनिया ने बताया कि इस आपदा से गेहूं, सरसों, आलू और अफीम की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसके साथ ही आम के बौरों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे आम की पैदावार पर भी असर पड़ने की आशंका है। सांसद ने कहा कि लगभग पूरा जनपद इस बारिश से प्रभावित हुआ है और फसलों को 15 से 20 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति काफी नाजुक हो गई है, खासकर अफीम की खेती करने वाले किसान ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने संसदीय क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर कृषि विभाग से लगातार संपर्क में हैं और पूरे जिले का सर्वे कराकर किसानों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग कर रहे हैं। साथ ही फसल बीमा का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। सांसद ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अधिकारी उन्हें तुरंत अवगत कराएं, ताकि प्रभावित किसानों की मदद की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से गरीब, मजदूर और किसानों के हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की। सांसद तनुज पुनिया ने यह भी कहा कि वह शासन को पत्र व अन्य माध्यमों से किसानों की समस्याओं से अवगत कराएंगे और हर परिस्थिति में जनपद की छोटी से छोटी समस्या के समाधान के लिए संघर्ष करते रहेंगे।









