एक महीने में दो अफसर: मुबारकपुर गांव में खुशी की लहर

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। विकास खंड मसौली की ग्राम पंचायत मुबारकपुर में एक ही महीने के भीतर दो प्रशासनिक अधिकारियों के चयन से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक मसौली अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ गांव पहुंचकर दोनों होनहारों का सम्मान किया। बताते चलें कि 6 मार्च को घोषित यूपीएससी परीक्षा परिणाम में किसान सुरेंद्र सिंह वर्मा के पुत्र अनुपम वर्मा ने 681वीं रैंक प्राप्त कर इंडियन रेवेन्यू सर्विस (आईआरएस) में चयन हासिल किया। ग्रामीण अभी उनकी सफलता का जश्न मना ही रहे थे कि 29 मार्च को आए यूपीपीएससी परिणाम में किसान दिनेश वर्मा की बेटी प्रियंका वर्मा ने 107वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार बनकर गांव का नाम रोशन कर दिया। अनुपम वर्मा के आईआरएस और प्रियंका वर्मा के नायब तहसीलदार बनने से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली सहित पुलिस टीम और ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, हेमंत वर्मा, विनोद राव, शोभराज चौहान, सुकेश कुमार, आकाश मोहन, आलोक कुमार, पिंकू, दिनेश वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रियंका वर्मा के परिवार में एक बहन और एक भाई हैं, जबकि उनकी माता फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। बेटी की सफलता से परिवार और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आईआरएस अनुपम वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन मेहनत और लगन को देते हुए युवाओं को संदेश दिया कि अच्छी संगत में रहकर निरंतर तैयारी करें, सफलता अवश्य मिलेगी। गांव की इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।