एकीकृत शिकायत निवारण में बाराबंकी प्रदेश में दूसरे स्थान पर

? निष्पक्ष जन अवलोकन : विनय सिंह बाराबंकी। माह मार्च की जारी प्रदेश स्तरीय एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली की रैंकिंग में जनपद बाराबंकी ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इससे पूर्व भी गत माह में जनपद द्वारा दूसरा स्थान हासिल किया जा चुका है, जो जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के प्रति प्रशासन की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायतों के प्रभावी समाधान, समयबद्ध कार्रवाई तथा निरंतर मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जनपद ने इस बार भी शीर्ष स्थानों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनपद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयास, सतत निगरानी एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक कार्यदिवस में आयोजित होने वाले “जनता दर्शन” में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाता है तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।