इंस्टाग्राम की दोस्ती ने उजाड़ा परिवार, पत्नी प्रेमी संग फरार डेढ़ माह से थाने के चक्कर काट रहा पति, बच्चों संग SP दफ्तर पहुँचा
निष्पक्ष जन अवलोकन
धीरेन्द्र कुमार
रायबरेली।
सोशल मीडिया की बढ़ती लत अब परिवारों के लिए खतरा बनती जा रही है। रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र अंतर्गत टेकारी दांदू गांव से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहाँ इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती ने एक पूरे परिवार को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया।
पीड़ित राजेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर मीडिया को बताया कि उनकी पत्नी की इंस्टाग्राम के माध्यम से किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच वीडियो कॉल और वीडियो का आदान–प्रदान भी होता था।
राजेश कुमार का कहना है कि उन्होंने पत्नी को कई बार समझाया कि सोशल मीडिया पर बने फर्जी रिश्तों के चक्कर में न पड़े, बच्चों के भविष्य की चिंता करे, लेकिन पत्नी ने किसी की बात नहीं मानी और अंततः पति व बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत डीह थाने में लगभग डेढ़ माह पूर्व दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक न तो पत्नी का कोई सुराग लगा और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। उल्टा पुलिस द्वारा उन्हें बार-बार थाने बुलाकर टालमटोल किया जा रहा है।
न्याय न मिलने से आहत राजेश कुमार आज अपने मासूम बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचे और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित का कहना है कि बच्चों की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
अब सवाल यह है कि
क्या सोशल मीडिया के कारण उजड़े इस परिवार को न्याय मिल पाएगा?
क्या पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप से डीह थाना हरकत में आएगा,
या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
फिलहाल पूरे प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।