आलू की वर्तमान दरों से घबराने की जरूरत नहीं : उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

आलू की वर्तमान दरों से घबराने की जरूरत नहीं : उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

निष्पक्ष जन अवलोकन संवाददाता : विनय सिंह बाराबंकी। प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में अयोध्या मंडल व देवीपाटन मंडल के आलू कृषकों और हितधारकों के बीच क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन गांधी सभागार, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण में किया गया। बैठक में मंत्री ने सरकार द्वारा आलू के क्रय-विक्रय और विपणन की संभावनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आलू के विपणन के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपने आलू को अन्य राज्यों जैसे उड़ीसा, आंध्र प्रदेश आदि में भेजकर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को वर्तमान दरों से घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष भी अच्छे दाम मिलने की संभावना है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित किसानों, शीतगृह स्वामियों और उद्यमियों से भी विचार-विमर्श किया। भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि रामबरन वर्मा ने मंत्री को अवगत कराया कि जनपद में आलू के साथ-साथ मेंथा और टमाटर का उत्पादन भी बड़े पैमाने पर होता है, लेकिन इनके भंडारण के लिए पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज उपलब्ध नहीं हैं। इस पर मंत्री ने खाद्य प्रसंस्करण नीति के तहत 35 प्रतिशत अनुदान प्राप्त कर प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए आगे आने का आह्वान किया। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर की स्थापना की जा रही है। साथ ही हाईटेक नर्सरियों के माध्यम से 29 करोड़ पौध उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के निकट रायबरेली के शिवगढ़ विकासखंड में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर हनी की स्थापना की गई है, जो विभाग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके अतिरिक्त किसानों और शीतगृह स्वामियों की मांग पर लखनऊ में एक कार्यालय केंद्र स्थापित किए जाने की घोषणा भी की गई, ताकि किसानों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर किया जा सके। कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अंत में राम सिंह उर्फ भुल्लन वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, अपर मुख्य सचिव उद्यान बी.एल. मीणा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, निदेशक उद्यान लखनऊ भानु प्रकाश राम, संयुक्त निदेशक उद्यान राजीव कुमार वर्मा, सर्वेश कुमार, निदेशक मंडी परिषद उत्तर प्रदेश, उपनिदेशक उद्यान अयोध्या मंडल व देवीपाटन मंडल, सभी मंडलों के जिला उद्यान अधिकारी, शीतगृह स्वामी, आलू उत्पादक किसान, उद्यमी, भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि व प्रगतिशील किसान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।