आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बिजली आपूर्ति ठप

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। बीती रात अचानक मौसम बदलने के साथ तेज हवाओं और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। आंधी-बारिश के चलते कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। ग्रामीण इलाकों में स्थिति और ज्यादा खराब रही। फसलों को नुकसान की आशंका, किसानों में चिंता बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। किसानों का कहना है कि खेतों में तैयार खड़ी गेहूं, सरसों, मसूर और चना जैसी फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। कई किसानों ने बताया कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो कटाई का काम भी प्रभावित हो सकता है और उत्पादन में गिरावट आएगी। हालांकि मेंथा, मिर्च, तरबूज-खरबूजा और उड़द जैसी कुछ फसलों को इस बारिश से फायदा मिलने की उम्मीद है, जिससे कुछ किसानों को राहत मिल सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवाओं से कई जगह बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा है, जिससे आपूर्ति बहाल करने में दिक्कतें आ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द बिजली व्यवस्था ठीक कराने, सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने और किसानों के नुकसान का सर्वे कर राहत देने की मांग की है।