अवैध ‘एक्वा पाम आयलैंड’ पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, परिसर खाली कराया
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। तहसील क्षेत्र के ग्राम सैंदर में अवैध रूप से संचालित ‘एक्वा पाम आयलैंड’ पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करा दिया। यह कार्रवाई पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम ने नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय के निर्देशन तथा कोतवाल बेचू सिंह यादव की मौजूदगी में की। प्रशासन द्वारा पहले कब्जाधारियों को दो दिन का समय दिया गया था। समयसीमा समाप्त होने के बाद टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बने ढांचे व गतिविधियों को हटाते हुए परिसर खाली कराया गया। मछली पालन की आड़ में बना टूरिस्ट स्पॉट, वसूले जा रहे थे पैसे जानकारी के अनुसार वर्ष 2022-23 में उक्त तालाब को केवल मछली पालन के लिए डिकोलिया गांव निवासी शिवराज रावत को पट्टे पर दिया गया था। लेकिन बाद में मछली पालन की आड़ में यहां अवैध रूप से टूरिस्ट स्पॉट विकसित कर लिया गया। पिछले दो वर्षों से यहां होटल, बोटिंग, पार्क सहित अन्य मनोरंजन सुविधाएं संचालित की जा रही थीं। बताया गया कि ‘एक्वा पाम आयलैंड’ में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति करीब 100 रुपये तक वसूले जा रहे थे। बिना किसी वैध अनुमति के यह व्यवसाय संचालित होने से सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा था और राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा था। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि सैंदर का तालाब अब भूमि प्रबंधक समिति को सौंप दिया गया है। इस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या गतिविधि पूरी तरह गैरकानूनी मानी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि यहां किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाई गई, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध कब्जों और बिना अनुमति संचालित व्यवसायों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।









