हर्बल रंगों संग स्कूल के बच्चों ने मनाया होली महोत्सव

निष्पक्ष जन अवलोकन

हर्बल रंगों संग स्कूल के बच्चों ने मनाया होली महोत्सव

बदायूं/बिल्सी। रंगों के पर्व होली का आगाज नगर के फ्यूचर लीडर्स स्कूल में आध्यात्मिक और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण आचार्य संजीव रूप की उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यालय परिवार को जड़ी-बूटियों से तैयार विशेष ‘होलिकोत्सव सामग्री’ भेंट करते हुए पर्यावरण शुद्धि का संदेश दिया। आचार्य संजीव रूप ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति संतुलन और वातावरण शोधन का वैज्ञानिक माध्यम भी है। औषधीय जड़ी-बूटियों से होलिका दहन करने पर वायुमंडल शुद्ध होता है और संक्रामक रोगों से बचाव में मदद मिलती है। उनके उद्बोधन के बाद विद्यालय परिसर गुलाल और उल्लास से सराबोर हो उठा। विद्यार्थियों व शिक्षकों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर सौहार्दपूर्ण ढंग से पर्व मनाया। विद्यालय प्रबंधन ने हर्बल और प्राकृतिक रंगों के प्रयोग पर जोर दिया। डायरेक्टर वीपी सिंह ने होली को एकता का प्रतीक बताया। एमडी राहुल कुमार सिंह ने सुरक्षित और प्राकृतिक होली मनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने सांस्कृतिक आयोजनों को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। अंत में मिष्ठान वितरण हुआ। कार्यक्रम में सीके शर्मा, परमेंद्र सिंह, केशव शर्मा, राखी गुप्ता सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।