हनुमानगढ़ी मंदिर में जीर्णोद्धार के बाद हुई प्राण प्रतिष्ठा, भंडारे के प्रसाद के लिए उमड़ी भीड़
निष्पक्ष जन अवलोकन
uबदायूं/बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या एक स्थित प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में बुधवार को जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद शिव परिवार की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया था। विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और जलाभिषेक के बीच भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश एवं कार्तिकेय की प्रतिमाओं की स्थापना कराई। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। अनुष्ठान के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजकों ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में युवाओं ने सक्रिय सहयोग किया। सुरक्षा और साफ-सफाई की भी समुचित व्यवस्था रही। इस मौके पर कई लोगों का सहयोग रहा।