सुबह 10 से 12 बजे तक रोज सुनवाई—अधिकारियों की जवाबदेही तय, लापरवाही पर कार्रवाई
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा जारी आदेश का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। इसी क्रम में प्रतिदिन (सोमवार से शुक्रवार) प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनपद, तहसील, ब्लॉक एवं नगर निकाय स्तर पर अधिकारी अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनका यथासंभव संतुष्टिपरक निस्तारण भी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को लंबित रखना अथवा लापरवाही बरतना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन को त्वरित राहत मिले और उन्हें अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। जनता दर्शन के दौरान विक्रम रस्तोगी द्वारा नाका चौराहा स्थित इलाहाबाद बैंक में अपनी मृतक माता के खाते से संबंधित समस्या के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। इस पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित बैंक अधिकारियों से तत्काल समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान कराया गया। एक अन्य प्रकरण में सुशीला देवी, निवासी सरई बेलहरी, हैदरगढ़ द्वारा मकान की छत पर पड़ोसी के पेड़ की डालियां लटकने की शिकायत की गई। इस पर प्रशासन व पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया, जहां दोनों पक्षों को समझाकर पेड़ों की डालियां कटवाते हुए विवाद का शांतिपूर्ण समाधान करा दिया गया।









