सीईआईआर पोर्टल से 78 गुम मोबाइल बरामद, स्वामियों को सौंपे गए
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। सर्विलांस सेल व थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने सराहनीय कार्य करते हुए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य के 78 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर आम जनता के गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु सर्विलांस सेल व समस्त थानों को सक्रिय किया गया था। इसी क्रम में संयुक्त टीमों ने विशेष अभियान चलाकर सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण व ट्रैकिंग कर 78 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार द्वारा बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल व महत्वपूर्ण डाटा वापस पाकर लोगों ने खुशी जताते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस विभाग के अनुसार पिछले पांच महीनों में मोबाइल रिकवरी टीम ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए 550 से अधिक मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये है, बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए हैं।









