सांप के काटने से किशोर की मौत, गांव में दहशत का माहौल

सांप के काटने से किशोर की मौत, गांव में दहशत का माहौल

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी): स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां खेत से घर लौट रहे एक किशोर को सांप ने काट लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली बड्डूपुर क्षेत्र के प्रेमपुर गांव निवासी गौरी शंकर का 11 वर्षीय इकलौता पुत्र राज, जो कक्षा 4 का छात्र था, खेत से घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर मेंथा की टंकी के पास एक सांप ने उसे दौड़ा लिया और काट लिया। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए लखनऊ स्थित सेंट मैरी अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची बड्डूपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर मेंथा टंकी के पास सांप लगातार देखा जा रहा है और लोगों को दौड़ा भी रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सांप को पकड़वाने की मांग की है, ताकि किसी और अनहोनी से बचा जा सके।