संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम केवलापुर में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि ग्राम केवलापुर निवासी शिवप्यारी पत्नी तेज नारायण की बुधवार रात अचानक मृत्यु हो गई। गुरुवार को जब उनकी पुत्रियां मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि मृतका के मुंह से खून निकला हुआ था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची सफदरगंज पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार मृतका क्षय रोग से पीड़ित थी और जिस कमरे में वह सो रही थी, वहां उल्टी के निशान भी पाए गए। थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि सूचना के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।









