शौच के लिए निकली महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, 6 बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी) थाना क्षेत्र के ग्राम बांसा में 16 मार्च की शाम शौच के लिए घर से निकली 40 वर्षीय महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। महिला के पति और उसके छह छोटे-छोटे बच्चे उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राकेश कुमार की पत्नी 16 मार्च को शाम करीब 6 बजे घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इस संबंध में पति की तहरीर पर मसौली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है और महिला की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। लापता महिला के तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनमें एक पुत्री मात्र 4 माह की है। महिला के मानसिक रूप से कमजोर होने की भी बात सामने आई है। मां के अचानक लापता होने से बच्चे बेहद परेशान हैं, वहीं पति राकेश कुमार 4 माह की मासूम बच्ची को गोद में लेकर पत्नी की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर है।









