जल भरकर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। शाहबाद-कछला हाईवे पर स्थित गांव रफीनगर के निकट शनिवार रात महाशिवरात्रि के लिए कछला गंगा घाट से जल भरकर लौट रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव गड़रपुरा निवासी रवि भारद्वाज (30) पुत्र धर्मपाल भारद्वाज शनिवार शाम अपने मित्र सचिन शर्मा और नारायण के साथ महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में कछला गंगा घाट जल भरने गए थे। जल भरने के बाद तीनों पैदल वापस लौट रहे थे। जिसमें सचिन और नारायन कुछ आगे निकल आए। रवि उनसे पीछे रह गया। जैसे ही रवि हाईवे पर स्थित गांव रफीनगर के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रवि को तत्काल बिल्सी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान रवि ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इधर युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी राधा, पुत्री वैष्णवी व पुत्र कालपी का रो-रोकर बुरा हाल है।