रोड मैप तैयार,बिल्सी को बाईपास की सौगात 7 किलोमीटर लंबा बनेगा बिल्सी बाईपास
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं। जनपद बदायूं के कस्वा बिल्सी में लंबे समय से प्रतीक्षित बिल्सी बाइपास निर्माण को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। शासन ने बदायूं-बिजनौर मार्ग से बिल्सी नगर तक 7 किलोमीटर लंबे बाइपास निर्माण के लिए 73.76 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस परियोजना के तहत चेनज 0.000 से 7.000 तक बाइपास का निर्माण कराया जाएगा। प्रथम चरण में वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए 25.81 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है, जिससे निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो सकेगा। इस बाइपास के बनने से बिल्सी नगर में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, साथ ही बदायूं- बिजनौर मार्ग पर यातायात सुगम होगा। व्यापार और आवागमन को भी नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा। विधायक हरीश शाक्य की भूमिका रही अहम इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दिलाने में क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य की सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने लगातार शासन स्तर पर पैरवी कर इस बाइपास को स्वीकृति दिलाई। स्थानीय विधायक हरीश शाक्य ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बाईपास बदायूं- बिल्सी रोड पर अजीत गेस्ट हाउस के पास से टर्न होकर सिरासोल रोड को क्रॉस करता हुआ मुक़ईया-अगोल होते हुए ग्राम खेरी रोड के निकट से होकर पुनः बिल्सी इस्लामनगर (बदायूं- बिजनोर) मार्ग पर जुड़ जाएगा









