रामनवमी पर साई भजन संध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण

रामनवमी पर साई भजन संध्या में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली, बाराबंकी। चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर मसौली क्षेत्र के ग्राम अमदहा स्थित श्री शिरडी सांई बाबा मंदिर के स्थापना दिवस महोत्सव पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन भव्य साई भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भजन गायिका ज्योति सिंह ने बाबा के कृतित्व को समर्पित भजनों की संजीदा प्रस्तुति देकर ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। उन्होंने “मुझे चरणों से लगा ले”, “साई नाथ शिरड़ी वाले”, “बाबा आपकी कृपा से” जैसे भजनों से भक्तिमय वातावरण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश वर्मा व पूर्व एमएलसी राजेश यादव ने भंडारे का शुभारंभ किया। भजन संध्या की शुरुआत गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं आरती से हुई। पीलीभीत के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत साई बाबा की झांकी, राधा-कृष्ण रासलीला, फूलों की होली, माता दुर्गा, महिषासुर वध, बालाजी महाराज, कृष्ण-सुदामा, भोलेनाथ की मसान आरती व भगवान श्रीराम की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में भाजपा एमएलसी अंगद कुमार सिंह, विधायक गौरव रावत, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र यादव, डॉ. विवेक सिंह वर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति द्वारा अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। देर रात तक चले इस आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।