भगवान महावीर जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। सुबह प्रभात फेरी निकाली गई, जो श्री महावीर चैत्यालय तक पहुंची। इसके बाद श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में पूजन-अर्चन, अभिषेक और शांतिधारा का आयोजन हुआ। दोपहर में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें फूलों से सजे रथ पर भगवान महावीर की प्रतिमा विराजमान रही। अनमोल जैन को भगवान को रथ पर विराजमान कराने का सौभाग्य मिला, जबकि उमाशंकर जैन ने सारथी की भूमिका निभाई। आशीष जैन और राहुल जैन ने चंवर डुलाकर सेवा की। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई जैन धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। भजनों पर युवा श्रद्धालु झूमते नजर आए। नेता सुभाष चौराहे पर विधायक साकेन्द्र वर्मा ने शोभायात्रा का स्वागत कर आरती उतारी। शाम को जैन धर्मशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष सचिन जैन, महामंत्री प्रांशु जैन, महंत हेमंत दास, शिक्षक अनिल जैन, शिक्षक सुनील जैन, शिक्षिका रेखा जैन, शिक्षिका कविता जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।









