बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर हादसा, समोसा बेचने वाले वेंडर की ट्रेन से कटकर मौत

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब समोसा बेच रहे कस्बा बंकी निवासी 35 वर्षीय वेंडर की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक मुमताज (35 वर्ष) काफी समय से रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में समोसा बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह वैध विक्रेता भी नहीं था। बुधवार सुबह वह रोज की तरह अपने काम पर निकला था, तभी लखनऊ की ओर से आ रही बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में अवैध वेंडर ट्रेनों में खाद्य सामग्री बेचने का कार्य करते हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।