बाराबंकी में महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद वितरण
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी | सोमवार को महावीर जयंती के अवसर पर शहर के अंदर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक पैमाने पर प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे शहर में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। विधायक धर्मराज सिंह ने लिया आशीर्वाद, बताया ‘जियो और जीने दो’ का महत्व अहिंसा और करुणा के संदेशवाहक भगवान महावीर की जयंती के पावन अवसर पर सदर विधानसभा क्षेत्र में उल्लास का माहौल रहा। इस मौके पर सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव विभिन्न जैन मंदिरों और आयोजन स्थलों पर पहुंचे और प्रभु के चरणों में नमन किया। उन्होंने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भगवान महावीर का ‘जियो और जीने दो’ का सिद्धांत आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। विधायक ने कहा कि भगवान महावीर के विचार हमें सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह का मार्ग दिखाते हैं। विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारों में भी उन्होंने शिरकत की और जनमानस के बीच उपस्थित होकर शांति व सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।









