बाराबंकी में प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक सम्पन्न,नए पदाधिकारियों का मनोनयन
अजय रावत एडवोकेट सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की बैठक जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकासखंडों के शिक्षकों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक के दौरान विकासखंड मसौली एवं हरख में संगठन विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय बांसा-2, मसौली में कार्यरत सहायक अध्यापक ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, मसौली का कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं, विकासखंड हरख के कंपोजिट विद्यालय इब्राहिमाबाद की सहायक अध्यापिका अंजना गुप्ता को महिला उपाध्यक्ष तथा प्राथमिक विद्यालय झींझामऊ के सहायक अध्यापक अनूप कुमार यादव को ब्लॉक उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने नव-मनोनित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा तथा शिक्षक हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहना होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए पदाधिकारी संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। इस अवसर पर जिला महामंत्री नीरज कुमार वर्मा ने भी सभी मनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन तथा शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संगठन की प्राथमिकता है। बैठक में विकासखंड हरख के अध्यक्ष रवि कुमार वर्मा तथा मसौली के अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत ने अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से जिला अध्यक्ष को अवगत कराया। इन समस्याओं के समाधान हेतु संगठन स्तर पर आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षक हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष हरख रवि कुमार वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मसौली महेंद्र प्रताप सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष रामनगर लोकेश शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष बनीकोडर चंद्र शेखर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सिद्धौर विनीत सिंह,जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह यादव, शैलेन्द्र कुमार, जिला संगठन मंत्री सुधीर चौधरी, विनय शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ वर्मा, सूर्यकांत त्रिपाठी सहित अनेक शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।









