बड्डूपुर में युवक का शव मिलने से सनसनी, मिर्गी के दौरे से मौत की आशंका

बड्डूपुर में युवक का शव मिलने से सनसनी, मिर्गी के दौरे से मौत की आशंका

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी) — कोतवाली बड्डूपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, मनिकपुर गांव के बाहर ग्राम चंदौली निवासी राम सिंह वर्मा के खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्राम प्रहरी काशी नाथ की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक युवक मंदबुद्धि प्रतीत हो रहा है और वह आसपास के गांवों में घूमता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके चलते वह खेत के किनारे बोरिंग में भरे पानी में गिर गया और उसकी मौत हो गई। शव की हुई शिनाख्त बाद में मृतक की पहचान कोतवाली नगर बाराबंकी क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिण टोला, बंकी निवासी प्रमोद लोधी (28) पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और 13 अप्रैल को सीतापुर जनपद के महमूदाबाद स्थित संकटा देवी मंदिर धाम में परिवार के साथ दर्शन करने गया था, जहां से वह अचानक लापता हो गया था। सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो के माध्यम से परिजनों ने उसकी पहचान की और कोतवाली बड्डूपुर पहुंचकर पुष्टि की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।