बड्डूपुर पुलिस की तत्परता से बदला बैग, दोनों महिलाओं को मिला सामान सुरक्षित

बड्डूपुर पुलिस की तत्परता से बदला बैग, दोनों महिलाओं को मिला सामान सुरक्षित

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी)। एक महिला बबीता साहू पत्नी प्रवेश कुमार साहू निवासी बांका नगर थाना महमूदाबाद, जनपद सीतापुर (उम्र लगभग 35 वर्ष) टेढ़ी पुलिया लखनऊ से महमूदाबाद जा रही थीं। रास्ते में जिस ऑटो से वह यात्रा कर रही थीं, उसमें उनका बैग गलती से एक अन्य महिला यात्री से बदल गया। बैग बदल जाने की समस्या को लेकर बबीता साहू कोतवाली बड्डूपुर पहुंचीं, जहां मिशन शक्ति टीम ने उनकी शिकायत को गंभीरता से सुना। टीम में प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेंद्र मिश्रा, हेड कांस्टेबल धर्मराज यादव, कांस्टेबल आशीष यादव एवं महिला कांस्टेबल अनुराधा बाजपेई शामिल रहीं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। जिस महिला के साथ बैग बदला था, उसका आधार कार्ड प्राप्त कर उससे मोबाइल नंबर लिया गया और उसे थाने बुलाया गया। संबंधित महिला जजिया पत्नी अख्तर निवासी टेढ़ी पुलिया, जनपद लखनऊ (उम्र लगभग 32 वर्ष) थाने पहुंचीं और बताया कि गलती से बैग बदल गया था। थाने में दोनों महिलाओं के बीच आपसी सहमति से बैग का आदान-प्रदान कराया गया। जजिया ने अपनी गलती के लिए क्षमा मांगी और बताया कि बैग से कोई सामान नहीं लिया गया है। बैग सुरक्षित वापस मिलने पर बबीता साहू ने खुशी जाहिर की। दोनों महिलाओं ने मिशन शक्ति टीम थाना बड्डूपुर की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया और अपने-अपने घर वापस चली गईं।