फतेहपुर क्षेत्र में दो सड़क हादसे, वृद्ध की मौत, युवक गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन v.r j फतेहपुर बाराबंकी क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहला हादसा बेहद भीषण था। बिशनपुर चौकी प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि ग्राम मंझगवा निवासी सियाराम (70) पुत्र हूबलाल साइकिल से फतेहपुर से देवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव के क्षत-विक्षत हिस्सों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पुल पर भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं दूसरी घटना भगौली रोड स्थित कटघरा पुल पर हुई, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम दोहई निवासी अमित (26) पुत्र सोनेलाल झांसा कोल्ड स्टोरेज जा रहा था। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी देवा-फतेहपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।