पंचायत भवन बड़ागांव में धूम्रपान के खिलाफ जागरूकता अभियान, लोगों ने लिया संकल्प

पंचायत भवन बड़ागांव में धूम्रपान के खिलाफ जागरूकता अभियान, लोगों ने लिया संकल्प

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली बाराबंकी। शनिवार को पंचायत भवन बड़ागांव में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की टीम द्वारा धूम्रपान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया और तंबाकू का सेवन न करने का संकल्प दिलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने बताया कि बदलती दिनचर्या, अनुचित खानपान और बढ़ते तनाव के कारण हृदय रोग आज एक गंभीर समस्या बन चुका है। उन्होंने कहा कि दिल की बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है। तनाव, थकान और प्रदूषण के कारण रक्त संचार प्रभावित होता है, जिससे हृदय को काम करने में दिक्कत होती है। इससे बचाव के लिए धूम्रपान से दूर रहना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में साइकोलॉजिस्ट संजय कुमार ने बताया कि धूम्रपान से शरीर में कई गंभीर बीमारियां उत्पन्न होती हैं, जिनमें ल्यूकोप्लेकिया, फाइब्रोसिस और कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियां शामिल हैं। उन्होंने कोटपा अधिनियम 2003 की जानकारी देते हुए बताया कि धारा 4 के तहत किसी भी सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करना प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने पर ₹200 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं धारा 6(बी) के अंतर्गत किसी भी शैक्षणिक संस्था के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को जिला चिकित्सालय पुरुष बाराबंकी के कक्ष संख्या 28 में संचालित तंबाकू उन्मूलन केंद्र के बारे में जानकारी दी गई, जहां काउंसलिंग और निकोटेक्स च्युइंग गम के माध्यम से धूम्रपान छुड़ाने में मदद की जाती है। इस अवसर पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के साइकोलॉजिस्ट संजय कुमार, सोशल वर्कर राकेश कुमार, अजय सिंह, राजन कुमार, बीपीएम आशाराम चौधरी और पंकज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।