धूम्रपान से दूर रहने का लिया संकल्प, दिल की बीमारियों से बचाव पर जोर
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। शनिवार को पंचायत भवन बड़ागांव में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की टीम द्वारा धूम्रपान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा धूम्रपान न करने का संकल्प दिलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनुचित खानपान और बढ़ते तनाव के कारण हृदय रोग आज एक बड़ी समस्या बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि दिल की बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है। तनाव, थकान और प्रदूषण के कारण रक्त संचार प्रभावित होता है, जिससे हृदय को कार्य करने में कठिनाई होती है। डॉ. गौड़ ने लोगों से अपील की कि वे हृदय रोग से बचाव के लिए धूम्रपान से दूर रहें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के साइकोलॉजिस्ट संजय कुमार, सोशल वर्कर राकेश कुमार, अजय सिंह, राजन कुमार, बीपीएम आशाराम चौधरी एवं पंकज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









