दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की कार्रवाई, चोरी की बाइक व 15 हजार रुपये बरामद, दो आरोपी जेल भेजे गए
निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी): स्थानीय कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की बाइक तथा 15 हजार रुपये बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम पैगम्बरपुर मजरे बुढ़ाना निवासी गुलशन कुमार पुत्र मुनेश्वर गुरुवार शाम अपनी बाइक से मेंथा की फसल देखने खेत गए थे। उन्होंने बाइक मौलाबाद रोड के किनारे खड़ी कर दी थी। खेत से लौटने पर उनकी बाइक गायब मिली। इस संबंध में पीड़ित ने शुक्रवार सुबह थाने में तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक निष्कर्ष चौरसिया, उपनिरीक्षक अमरीश कुमार वर्मा व पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर मौलाबाद रोड से अभियुक्त सत्यम पुत्र राममिलन निवासी मौलाबाद, थाना बड्डूपुर को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। वहीं एक अन्य मामले में ग्राम पिपरौली निवासी मेहंदी हसन पुत्र शहजादा बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह बाबा त्यागी दास चौराहे पर पहुंचे, तभी अभियुक्त तिषाल पुत्र राम दतासी निवासी नया गोला चक, थाना नटेरन, जिला विदिशा (मध्य प्रदेश) ने उनकी जेब से 15 हजार रुपये निकाल लिए और भागने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से चोरी के 15 हजार रुपये बरामद कर लिए। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।









