ढीली हाईटेंशन लाइन से लगी आग, किसान की एक एकड़ फसल राख
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते एक किसान की मेहनत देखते ही देखते राख हो गई। खेत में मौजूद समरसेबल पंप की मदद से ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर विद्युत उपकेंद्र मसौली से ग्राम पंचायत रहरामऊ स्थित राजकीय नलकूप को जाने वाली 11 हजार हाईटेंशन लाइन के ढीले तार से निकली चिंगारी ने सपा विधायक गौरव रावत के प्रतिनिधि रिजवान संजय के खेत में खड़ी तैयार गेहूं की फसल को आग के हवाले कर दिया। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और लगभग 4 बीघा फसल जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने समरसेबल चलाकर और खेत की जुताई कर किसी तरह आग को नियंत्रित किया। अग्निकांड में फसल जलने के बाद किसान एवं विधायक प्रतिनिधि रिजवान संजय ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि राजकीय नलकूप के लिए जाने वाली 11 हजार हाईटेंशन लाइन को गांव के बाहर से ले जाने के बजाय किसानों के खेतों के बीच से निकाला गया है। ढीले तारों और जर्जर जम्फरों के कारण आए दिन चिंगारियां निकलती रहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खेतों के बीच से गुजर रही इस हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसका परिणाम यह हुआ कि आज हजारों रुपये की फसल आग में जलकर राख हो गई।









