ठाकुरद्वारा ओम शिवालय मंदिर में श्रीराम कथा का समापन, भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली गई

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर के ठाकुरद्वारा ओम शिवालय मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा का समापन भक्तिमय माहौल में हो गया। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं द्वारा एक भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती इस शोभा यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। शोभा यात्रा की शुरुआत श्री शक्तिधाम महादेव तालाब से हुई। यहां सजे हुए रथ पर भगवान श्री खाटू श्याम की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने “जय श्री श्याम” और “जय श्रीराम” के जयकारों के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया। भक्त हाथों में पताकाएं और निशान लेकर पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ शोभा यात्रा में शामिल हुए। यह शोभा यात्रा तहसील चौराहा, सट्टी बाजार, बेलहरा तिराहा, मुंशीगंज और महावीर मार्ग से होते हुए पुनः ठाकुरद्वारा ओम शिवालय मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों और भजनों पर झूमते नजर आए। डीजे पर बज रहे भजन “एक तेरे सिवा बाबा अब कौन हमारा है” और “कभी रूठना न मुझसे ओ श्याम सांवरे, मेरी जिंदगी है अब तेरे नाम सांवरे” पर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। तहसील चौराहे पर भक्तों द्वारा शोभा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभा यात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दिबाकर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजीव नयन तिवारी, रामू तिवारी, सरवन सरदार, मोहित कुमार, रामलखन यादव, सुभाष सैनी, रंजीत यादव, अशोक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।