जिला कारागार का डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से किया निरीक्षण
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान अधिकारी द्वय ने सर्वप्रथम कारागार के मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की|इसके बाद कारागार के भीतर परिसर का भ्रमणकर हाई सिक्योरिटी बैरिक,साफ-सफाई, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।उन्होंने कारागार कंट्रोल रूम पहुँचकर वहाँ से संचालित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया और निर्देश दिए कि कारागार की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू एवं क्रियाशील रहें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी को तत्काल दूर किया जाए। निरीक्षण दौरान महिलाबैरक, पुरुषबैरक, गौशाला एवं कारागार अस्पताल का भी निरीक्षण किया। बैरकों में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, प्रकाश, शौचालय, स्वच्छता, भोजन एवं पेयजल आदि व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों की सुरक्षा,स्वास्थ्य एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।उन्होंने कहा कि कारागार में अनुशासन, स्वच्छता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए व निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएँ नियमितरूप से संचालितकीजाएँ। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएँ भी सुनीं।