जानवर को बचाने में पलटा अमूल दुग्ध वाहन, लाखों का नुकसान
निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। लखनऊ से बहराइच जा रहा अमूल दुग्ध वाहन शनिवार सुबह एक हादसे का शिकार हो गया। रास्ते में अचानक एक जानवर को बचाने के प्रयास में वाहन असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गया और पलट गया। हादसे में वाहन पर लदा लाखों रुपये कीमत का दूध और घी सड़क पर बिखरकर नष्ट हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुग्ध वाहन सुबह करीब चार बजे लखनऊ से चिनहट रोड होते हुए बहराइच की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन करौंदा गांव के पास पहुंचा, अचानक एक जानवर सड़क पार करने लगा। उसे बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक और क्लीनर को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए, लेकिन वाहन में लदा पूरा माल बर्बाद हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ।









