जहुवा नाले में गिरी कार, आलू व्यापारी की मौत — मासूम बेटी गंभीर घायल

जहुवा नाले में गिरी कार, आलू व्यापारी की मौत — मासूम बेटी गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। देवा रोड पर दशरथपुर गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर किनारे स्थित जहुवा नाले में जा गिरी, जिसमें सवार आलू व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उसके साथ रही दो वर्षीय मासूम बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही चालक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान इसरौली निवासी 30 वर्षीय सोहराब उर्फ इरशाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रविवार शाम अपनी ससुराल नालापार उत्तरी गए थे और सोमवार सुबह करीब 5 बजे बेटी आफरीन के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान देंवा रोड के मोड़ पर उनकी आई-10 कार अनियंत्रित होकर जहुवा नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पलट गई और दोनों उसमें फंस गए। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला। डॉक्टरों ने सोहराब को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आफरीन को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से कार को जहुवा नाले से निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।