गेहूं के खेत में मिली किशोरी की हत्या, पोस्टमार्टम में गला दबाने की पुष्टि
निष्पक्ष जन अवलोकन लुकमान सूरतगंज-बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में गुरुवार को गेहूं के खेत में मिली 11 वर्षीय किशोरी के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि हो गई है। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक हत्या के कारणों और आरोपी का पता नहीं चल सका है। बसारी गांव निवासी रामनेन्द्र उर्फ रामू की पुत्री अनुष्का मौर्या, जो प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी, 26 मार्च की दोपहर मेथा रोपाई के लिए खेत गई थी। मजदूरों के चले जाने के बाद वह खेत में अकेली रह गई। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव खेत से करीब 50 मीटर दूर गेहूं के खेत में मिला। उसके गले पर खरोंच के निशान पाए गए, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा व क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय व अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद त्रिपाठी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली और जल्द खुलासे के निर्देश दिए। शुक्रवार को महिला डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पीड़ित परिवार से मिले भीम आर्मी कार्यकर्ता किशोरी की मौत के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण से वीडियो कॉल के जरिए परिजनों की बात कराई गई। सांसद ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।









