क्षेत्र पंचायत बनीकोडर की बैठक में 16 करोड़ से अधिक का लेबर बजट पारित हेडिंग 2: मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
निष्पक्ष जन अवलोकन रामबाबू मिश्रा रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। क्षेत्र पंचायत बनीकोडर की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मनरेगा के तहत 16 करोड़ 1 लाख 4 हजार रुपये के लेबर बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख उर्मिला देवी ने की। बैठक में उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। पूर्व कार्यवाही की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य, शिक्षा, वन एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। समाज कल्याण विभाग के तहत वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन की बड़ी संख्या में स्वीकृति की जानकारी दी गई। खण्ड विकास अधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2016-17 से अब तक 6081 तथा वर्ष 2019-20 से 1082 आवास स्वीकृत किए गए हैं। अधिकांश आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग की योजनाओं के तहत लाखों रुपये की धनराशि से इंटरलॉकिंग, खड़ंजा और नाला निर्माण जैसे 40 से अधिक कार्य पूरे कराए गए हैं, जबकि कुछ कार्य प्रगति पर हैं। बैठक के अंत में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से प्रस्ताव मांगे गए तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त की घोषणा की गई।









