कुपोषित बच्चे की पहचान, सीडीपीओ ने खुद पहुंचाया पोषण पुनर्वास केंद्र
निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के बन्नीसुलेमाबाद में आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान एक गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चे की पहचान की गई। जानकारी मिलते ही सीडीपीओ डॉ. अनूप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। निरीक्षण में रोहन नामक बच्चा गंभीर कुपोषण से ग्रस्त पाया गया। बच्चे के पिता राम संजीवन को कुपोषण के दुष्परिणामों के बारे में समझाते हुए तत्काल इलाज की सलाह दी गई। परिजन बच्चे को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के लिए तैयार हो गए। साधनों के अभाव में सीडीपीओ डॉ. अनूप कुमार सिंह स्वयं अपनी गाड़ी से बच्चे को पोषण पुनर्वास केंद्र लेकर पहुंचे, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका। इस दौरान उन्होंने बताया कि कुपोषण की समस्या गर्भावस्था से ही शुरू हो सकती है, इसलिए गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जन्म के बाद छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही देना चाहिए तथा छह माह बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष तक स्तनपान जारी रखना चाहिए।









