एसपी ने किया कोतवाली का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बीती देर शाम कोतवाली का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्राइम रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की गहनता से जांच की। इसके साथ ही मलखाना और शस्त्रागार का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव की स्थिति परखी। एसपी ने कोतवाल कार्यालय का भी निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा की और संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि सभी रजिस्टर अद्यतन रखें तथा कार्य में पारदर्शिता बनाए रखें। निरीक्षण के बाद उन्होंने थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से आगामी त्योहारों को देखते हुए सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने पर जोर दिया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया, कोतवाल अमित प्रताप सिंह सहित समस्त थाना स्टाफ मौजूद रहा।