एक माह में दो अफसर: मुबारकपुर गांव ने रचा इतिहास, आईआरएस और नायब तहसीलदार बने होनहार

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी): गांव मुबारकपुर में दो अफसर बनने पर खुशी की लहर विकास खंड मसौली की ग्राम पंचायत मुबारकपुर में एक माह के भीतर दो प्रशासनिक अधिकारियों के चयन से गांव में उत्साह का माहौल है। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक मसौली अजय प्रकाश त्रिपाठी अपने पुलिस दल के साथ पहुंचे और दोनों प्रतिभाओं का स्वागत कर सम्मानित किया। बताया जाता है कि 6 मार्च को घोषित यूपीएससी परिणाम में किसान सुरेंद्र सिंह वर्मा के पुत्र अनुपम वर्मा ने 681वीं रैंक हासिल कर आईआरएस पद प्राप्त किया। वहीं 29 मार्च को आए यूपीपीएससी परिणाम में किसान दिनेश वर्मा की बेटी प्रियंका वर्मा ने 107वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार बनकर गांव का नाम रोशन किया। ग्रामीणों ने किया सम्मान, युवाओं को मिली प्रेरणा दोनों की सफलता पर ग्रामीणों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली, हेड कांस्टेबल नौमीलाल, राजकुमार, महिला आरक्षी संजू वर्मा, ममता सहित कई लोग मौजूद रहे। प्रियंका वर्मा के परिवार में एक बहन और एक भाई हैं, जबकि उनकी माता फार्मासिस्ट हैं। अनुपम वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत और लगन को देते हुए युवाओं को संदेश दिया कि सही दिशा और अच्छी संगत में रहकर तैयारी करें, सफलता जरूर मिलेगी। गांव की इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिली है।