उर्वरक वितरण में पारदर्शिता को लेकर सत्यापन अभियान तेज

उर्वरक वितरण में पारदर्शिता को लेकर सत्यापन अभियान तेज

फतेहपुर (बाराबंकी) उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद, ब्लॉक व न्याय पंचायत स्तर पर गठित समितियां गोदामों और बिक्री केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर रही हैं तथा पीओएस मशीन और पोर्टल में दर्ज स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी राजित राम वर्मा के नेतृत्व में फतेहपुर क्षेत्र के कई थोक विक्रेताओं के यहां औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुछ फर्मों द्वारा स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत न करने पर नोटिस जारी किए गए, जबकि कुछ स्थानों पर गैर-अनुदानित उर्वरक मिलने पर कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को स्टॉक का सही रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।