उत्तर भारत दर्शन परिषद का 40वां राष्ट्रीय अधिवेशन, 19 मार्च से होगी शुरुआत

उत्तर भारत दर्शन परिषद का 40वां राष्ट्रीय अधिवेशन, 19 मार्च से होगी शुरुआत
उत्तर भारत दर्शन परिषद का 40वां राष्ट्रीय अधिवेशन, 19 मार्च से होगी शुरुआत

निष्पक्ष जन अवलोकन। ।शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।भारतीय दर्शन के जरिए वैश्विक चुनौतियों पर होगा विचार-विमर्श, 21 मार्च तक चलेगा अंतरराष्ट्रीय संवाद राष्ट्रीय अधिवेशन और अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का तीन दिवसीय आयोजन, चित्रकूट में जुटेंगे देश-विदेश के विद्वान पद्म विभूषण जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य देंगे मुख्य उद्बोधन, भारतीय दर्शन में सनातन धर्म की मीमांसा पर रखेंगे विचार वैश्विक समस्याओं के समाधान में भारतीय दर्शन की अहम भूमिका: जयवीर सिंह भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के सहयोग से 19, 20 और 21 मार्च 2026 को चित्रकूट स्थित जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय में उत्तर भारत दर्शन परिषद का 40वां राष्ट्रीय अधिवेशन और एक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के साथ मिलकर किया जा रहा है। इस संगोष्ठी का मुख्य विषय 'वैश्विक शांति: चुनौतियां और समाधान' रखा गया है। कार्यक्रम की शुरुआत 19 मार्च को उद्घाटन सत्र से होगी, जिसमें 40वें वार्षिक अधिवेशन का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। इस दिन कई विशेष व्याख्यान भी आयोजित होंगे, जिनमें प्रो. संगम लाल पाण्डेय स्मृति व्याख्यान (डॉ. ए.के. पाण्डेय), देवात्म व्याख्यान (प्रो. स्नेहलता पाठक), योग विज्ञानी महाराज स्मृति व्याख्यान (डॉ. उत्तम सिंह), प्रो. देवकीनंदन द्विवेदी स्मृति व्याख्यान (प्रो. राकेश चंद्रा) और प्रो. रामलाल सिंह स्मृति व्याख्यान (डॉ. सुचेता शुक्ला) शामिल हैं। इसके बाद परिषद की कार्यकारिणी और सामान्य सभा की बैठक होगी, साथ ही संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। 20 मार्च को पद्म विभूषण जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य मुख्य उद्बोधन देंगे, जिसका विषय 'भारतीय दर्शन में सनातन धर्म की मीमांसा' रहेगा। इस दिन सनातन परंपरा, विपश्यना, आधुनिकता और समकालीन भारतीय चिंतन तथा अनुप्रयुक्त नीतिशास्त्र जैसे विषयों पर अलग-अलग तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। 21 मार्च को तकनीकी सत्र और शोधपत्र वाचन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद समापन समारोह होगा। इस दौरान शोधार्थियों और युवा शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत शोधपत्रों का मूल्यांकन कर उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि, दर्शन केवल शास्त्रों तक सीमित विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन को दिशा देने वाली वह चेतना है, जो समाज को शांति, संतुलन और सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाती है। ऐसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच विचारों के आदान-प्रदान को नई ऊर्जा देते हैं और हमें वैश्विक चुनौतियों का समाधान भारतीय ज्ञान परंपरा के दृष्टिकोण से खोजने की प्रेरणा देते हैं। हमारी समृद्ध दार्शनिक विरासत विश्व को ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का संदेश देती है, और इसी भावना को आगे बढ़ाना हमारा संकल्प है। उत्तर प्रदेश को हम ज्ञान, शोध और सांस्कृतिक विमर्श का ऐसा सशक्त केंद्र बना रहे हैं, जहां से सकारात्मक और सार्थक विचार पूरे विश्व को दिशा दे सकें। दर्शन परिषद की स्थापना 1975 में स्वर्गीय प्रो. संगम लाल पाण्डेय द्वारा की गई थी और यह संस्था दर्शनशास्त्र के क्षेत्र में शोध, प्रकाशन और अकादमिक गतिविधियों के जरिए महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। परिषद की ‘संदर्शन’ नामक पत्रिका के माध्यम से दार्शनिक विचारों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों रूप में उपलब्ध कराया जाता है। साल 2001 में स्थापित जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय देश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय है, जो विशेष रूप से दिव्यांगजनों को उच्च शिक्षा प्रदान करता है और अब उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत संचालित हो रहा है। यहां बीए, एमए, डिप्लोमा और पीएचडी जैसे पाठ्यक्रम चलाए जाते हैं। वहीं, 1985 में स्थापित अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान बौद्ध धर्म, संस्कृति, कला और इतिहास पर शोध, संरक्षण और अध्ययन का कार्य करता है। संस्थान के पुस्तकालय में 12 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं और यहां पालि, सिंहली भाषा व बौद्ध अध्ययन से जुड़े कोर्स भी संचालित किए जाते हैं, साथ ही देश-विदेश की संस्थाओं के साथ मिलकर शोध और शैक्षणिक गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।