ईसेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, मासूम गंभीर घायल

ईसेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, मासूम गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के सिहाली रोड स्थित ईसेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद (सीतापुर) थाना क्षेत्र के ग्राम रामद्वारी निवासी इंद्रजीत अपनी नवविवाहिता पत्नी खुशी (18) और भाभी पिंकी देवी (28) के साथ बाइक से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव में बीमार मौसी का हाल-चाल लेने जा रहे थे। ईसेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के कारण सभी वाहन कतार में खड़े थे। फाटक खुलते ही जैसे ही इंद्रजीत ने बाइक आगे बढ़ाई, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सभी सवार सड़क पर गिर पड़े। खुशी और पिंकी सड़क के दाहिने हिस्से में गिरीं, जहां ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इंद्रजीत और तीन वर्षीय बिट्टू दूसरी ओर गिरे, जिससे बच्ची के पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल पिता व बच्ची को तत्काल फतेहपुर सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि फरार ट्रक चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।