अंबेडकर जयंती पर सीएचसी में मरीजों को फल वितरण
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर, बाराबंकी। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों को फल वितरित कर सेवा और सहानुभूति का संदेश दिया गया। इस दौरान मरीजों व तीमारदारों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अवधेश कुमार कौशल ने किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर के विचार हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं और अस्पतालों में मानवीय व्यवहार जरूरी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन मरीजों को मानसिक राहत देते हैं और अस्पताल का माहौल सकारात्मक बनाते हैं। इस मौके पर डॉ. देशराज, चीफ फार्मासिस्ट राजेश कुमार त्रिपाठी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी कर्मचारियों ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें मानसिक सुकून मिलता है और अस्पताल के प्रति विश्वास बढ़ता है।









