25 साल से कार्यरत रसोइया को हटाया, पीड़िता ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत नन्दरासी स्थित कम्पोजिट विद्यालय में 25 वर्षों से कार्यरत रसोइया को अचानक कार्य से हटाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता छोटाई ने प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहसील समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता छोटाई लंबे समय से विद्यालय में संचालित मिड-डे मील योजना के अंतर्गत बच्चों के लिए भोजन बनाने का कार्य कर रही थी। उसका कहना है कि उसने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा से कार्य किया और उसके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं हुई। पीड़िता के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को प्रधानाचार्या मधु ने बिना किसी लिखित आदेश के उसे अचानक कार्य से हटा दिया और विद्यालय छोड़ने का दबाव बनाया। कारण पूछने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया, बल्कि दूसरी रसोइया के कहने पर हटाने की बात कही गई। छोटाई का आरोप है कि रसोई व्यवस्था को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। उसने बताया कि दूसरी रसोइया किरन देवी को भोजन बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उनके द्वारा भोजन में सामग्री जैसे धनिया, प्याज और टमाटर का उपयोग नहीं किया जा रहा था। इस संबंध में शिकायत करने पर कार्रवाई करने के बजाय उसे नजरअंदाज किया गया। पीड़िता का कहना है कि उससे कहा गया कि जो किरन देवी कहेंगी, उसी के अनुसार खाना बनेगा। इसके बाद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और अंततः कार्य से अलग कर दिया गया। साथ ही उसके साथ अभद्र व्यवहार कर उसे अपमानित करते हुए विद्यालय से बाहर कर दिया गया, जिससे उसके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मामले में पीड़िता ने ग्राम प्रधान हरिनाम गौतम से भी शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद उसने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच, कार्रवाई और पुनः बहाली की मांग की है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो विद्यालय में अन्य अनियमितताएं भी सामने आ सकती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कम्पोजिट ग्रांट और अन्य मदों में आने वाले धन के उपयोग में भी गड़बड़ी की शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं। □ विभाग का पक्ष खंड शिक्षा अधिकारी, फतेहपुर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।









