हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, युवती गंभीर झुलसी
निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल
निंदूरा (बाराबंकी)। कुर्सी थाना क्षेत्र के अनवारी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनवारी गांव निवासी मुस्कान (18) पुत्री संजय राठौर घर की छत पर खड़ी थी। इसी दौरान वह घर के पास से गुजर रही लगभग 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। युवती को करंट लगते देख उसे बचाने के लिए उसके जीजा शिवम राठौर दौड़ पड़े, लेकिन वह भी बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवम राठौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती मुस्कान का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घरों के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हादसे का कारण बताते हुए बिजली विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
इस संबंध में कुर्सी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, हालांकि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









