सुल्तानपुर में गौकशी से मचा हड़कंप, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में गौकशी की सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित की लिखित तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जाता है कि गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सुल्तानपुर गांव निवासी राकेश कुमार यादव पुत्र राम दुलारे यादव ने सोमवार शाम अपनी दो गायों को घर के बाहर खूंटे से बांध दिया था। रात में अज्ञात लोगों ने दोनों गायों को खोलकर करीब 100 मीटर दूर ले जाकर उनका वध कर दिया और मांस लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह परिजनों ने गायों को गायब पाया तो ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर रोशन चक मोड़ के पास दोनों गायों के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची मसौली थाना पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया है। उसने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों में आक्रोश देखने को मिला। हिन्दू जागरण मंच के मनीष श्रीवास्तव ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं हिन्दू सुरक्षा सेवा ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष मोहित हिन्दू और मीडिया प्रभारी विशाल गुप्ता ने चेतावनी दी कि 48 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने भी मौके का निरीक्षण कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।