सिरौलीगौसपुर में ईद-उल-फितर उत्साह और भाईचारे के साथ मनाई गई

निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी। संपूर्ण तहसील क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की। इस दौरान देश में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और आपसी सौहार्द के लिए दुआएं मांगी गईं। सुबह से ही क्षेत्र के कस्बों—सैयदनपुर, रामपुर कटरा, चौखंडी, मेला रायगंज, महमूदाबाद, रानी कटरा, मरका मऊ, किन्तुर और बड़ोसराय आदि ईदगाहों के बाहर भारी भीड़ जुटने लगी थी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे सामाजिक सौहार्द का संदेश प्रसारित हुआ। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। लोगों ने नए कपड़े पहनकर एक-दूसरे के घरों का दौरा किया और सेवइयों व मिठाइयों के साथ खुशियां साझा कीं। ईद के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। ईदगाहों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी गई, जिससे लोगों ने सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद लिया।