सम्पूर्ण समाधान दिवस में 351 शिकायतें, 56 का मौके पर निस्तारण
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील नवाबगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्रत्येक शिकायत में संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से चकमार्ग एवं सरकारी रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायतों को प्राथमिकता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, सरकारी रास्ते/चकमार्ग, राशन कार्ड, पेंशन, आवास एवं अन्य जनसामान्य से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 351 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 56 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। नवाबगंज तहसील में 110 आवेदन, 25 का तत्काल समाधान तहसील नवाबगंज में आयोजित समाधान दिवस के दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित 110 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।









