सत्य प्रेमी नगर में सफाई नायक वीरेंद्र यादव का सम्मान कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवा के लिए कर्मियों ने किया अभिनंदन

सत्य प्रेमी नगर में सफाई नायक वीरेंद्र यादव का सम्मान कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवा के लिए कर्मियों ने किया अभिनंदन

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी | नगर के सत्य प्रेमी नगर वार्ड के समस्त सफाई कर्मियों ने अपने सफाई नायक वीरेंद्र यादव को बृहस्पतिवार को सत्य प्रेमी नगर स्थित रामसेवक यादव पार्क में एक समारोह के अंतर्गत फूल-माला पहनाकर एवं बुके देकर सम्मानित किया। सफाई कर्मी रामू ने वीरेंद्र यादव को फल की टोकरी तथा एक पैंट-शर्ट उपहार स्वरूप भेंट किया। सफाई कर्मियों ने बताया कि उनके सफाई नायक को पूर्व में उच्च अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है, इसी प्रेरणा से वार्ड के सभी कर्मियों ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया। उन्होंने हमेशा कर्मियों के प्रति कुशल व्यवहार व अच्छे आचरण की मिसाल पेश की है। क्षेत्रीय सभासद मुक्ता सिंह ने इस अवसर पर वीरेंद्र यादव को बधाई देते हुए सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं सभासद प्रतिनिधि देवेंद्र प्रताप सिंह (ज्ञानू) ने कहा कि कोरोना काल जैसी वैश्विक महामारी में इन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना वार्ड व नगर को स्वच्छ बनाए रखा, जो सराहनीय है। सफाई निरीक्षक दीपक गुप्ता ने कहा कि वार्ड के सफाई कर्मियों की मेहनत के कारण सत्य प्रेमी नगर वार्ड नगर व जिला स्तर पर लगातार प्रथम स्थान प्राप्त करता रहा है। उन्होंने वीरेंद्र यादव की सराहना करते हुए बताया कि वे प्रतिदिन स्वयं वार्ड की प्रत्येक गली का निरीक्षण करते हैं और नगर में कहीं भी जरूरत पड़ने पर तत्पर रहते हैं। इस अवसर पर सभासद मुक्ता सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह (ज्ञानू), सफाई निरीक्षक दीपक गुप्ता, सफाई कर्मी रामू, बरखा रानी, लक्ष्मी, प्रदीप, अजय, कामिनी, सुनील, अमरजीत, घनश्याम तथा विशाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।